Breaking News

बंगाल चुनाव: उत्तर 24 परगना में वोटर्स ने CM ममता पर लगाया धमकाने का आरोप     |   गाजियाबाद: इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन सोसाइटी में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां     |   काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे पीएम मोदी     |   बंगाल विधानसभा चुनाव: हावड़ा में वोटिंग के दौरान हंगामा     |   दिल्ली-NCR में बदला मौसम, सुबह-सुबह बारिश शुरू     |  

PM मोदी आज राष्ट्र को समर्पित करेंगे गंगा एक्सप्रेसवे, 12 जिलों को मिलेगी लाइफलाइन

उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, बुधवार को प्रदेश की 'लाइफ लाइन' कहे जाने वाले 594 किलोमीटर लंबे 'गंगा एक्सप्रेसवे' का लोकार्पण करेंगे। मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह मेगा कॉरिडोर न केवल यूपी के 12 जिलों की दूरी पाटेगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देते हुए औद्योगिक निवेश और रोजगार के रास्ते खोलेगा।

प्रधानमंत्री आज सुबह 11:15 बजे हरदोई पहुंचेंगे, जहां वे इस भव्य एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज को सीधे जोड़ेगा। 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ यह हाई-स्पीड कॉरिडोर लंबी दूरी के सफर को घंटों से घटाकर मिनटों में तब्दील कर देगा। 

गंगा एक्सप्रेसवे देश के सबसे आधुनिक मार्गों में से एक है, जिसे फिलहाल 6-लेन में बनाया गया है और भविष्य में इसे 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही साशाहजहांपुर के पास 3.2 किमी लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है, जहां आपात स्थिति में वायुसेना के लड़ाकू विमान लैंड कर सकेंगे। पूरे मार्ग पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी कॉल बॉक्स और 24/7 पेट्रोलिंग की व्यवस्था है। 

एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर्स (IMLC) इस प्रोजेक्ट की असली ताकत हैं। यहां वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स लगेंगी, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही, बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी फसल बड़ी मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होने की उम्मीद। 

लोकार्पण के दौरान PM मोदी यूपीडा (UPEIDA) की विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, जो उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क की विकास यात्रा को दिखाएगी। इसके साथ ही वे पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित भी करेंगे।