Breaking News

पाकिस्तान में ईरान से बातचीत अगले 2 दिनों में हो सकती है: ट्रंप     |   डोनाल्ड ट्रंप का चीन दौरा मई में, बेटा एरिक और बहू लारा भी जाएंगे साथ     |   PM मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर हुई 40 मिनट बात     |   छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में ब्लास्ट, 40 मजदूर घायल     |   पटना: राज्यपाल से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, सरकार बनाने का पेश करेंगे दावा     |  

Noida Protest: श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद 300 से अधिक लोग गिरफ्तार, सात FIR दर्ज

Noida Protest: गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को कहा कि नोएडा में श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के सिलसिले में 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सात प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह से ही लगातार मार्च निकाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “सुबह 5:00 बजे से लगातार मार्च निकाले जा रहे हैं। आज सुबह श्रमिक तीन स्थानों पर इकट्ठा हुए, तत्काल संवाद के बाद उन्हें मात्र 15 मिनट के भीतर शांतिपूर्वक तरीके से हटा दिया गया।’’

पुलिस आयुक्त ने कहा, “पिछले दो दिन में कई व्हॉट्सऐप समूह बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन करके श्रमिकों को जोड़ा जा रहा है। इससे संकेत मिलता है कि इन गतिविधियों के पीछे एक संगठित और सुनियोजित नेटवर्क सक्रिय है।”

सिंह ने कहा कि अशांति फैलाने में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा, “भीड़ में शामिल ऐसे तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है; भविष्य में भी गिरफ्तारियां की जाएंगी। उनके वित्तीय स्रोतों की भी जांच की जाएगी। यदि यह पाया जाता है कि उन्हें राज्य या देश के बाहर से आर्थिक सहायता मिली है, तो इस संबंध में भी उचित कार्रवाई की जाएगी।”

सिंह ने बताया कि सोमवार को विभिन्न स्थानों से सामने आई घटनाओं के संबंध में सात प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 300 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।” स्थिति को सुलझाने के प्रयासों के संदर्भ में पुलिस आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गठित उच्च-स्तरीय समिति हितधारकों के साथ चर्चा कर रही है।

उन्होंने कहा, “कल से यहां मौजूद उच्च-स्तरीय समिति ने सभी हितधारकों के साथ विस्तृत और लंबी बैठकें की हैं तथा कुछ सिफारिशें की हैं।’’ सिंह ने कहा कि सरकार श्रमिकों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों की शिकायतों को समझती है, उनकी स्थिति के प्रति सहानुभूति रखती है और उनके सभी मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।”