मेरठ में हो रहे मेरठ महोत्सव पर पहुंचे, कवि कुमार विश्वास ने आज कहा- "पहले के राम असली थे। आप पहले भी भगवान राम के भरोसे थे। आगे भी उनके ही भरोसे रहोंगे। "ये बातें कुमार विश्वास ने मेरठ महोत्सव में कही। दरअसल उनका इशारा भाजपा सांसद अरुण गोविल की ओर था। उन्होंने नाम न लेते हुए उन पर तंज कसा। इसकी वजह ये थी कि अरुण गोविल आज इस कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे। जबकि बीजेपी के पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल यहां पर पहले से मौजूद थे।
कवि कुमार विश्वास ने कहा- मेरा मेरठ से बहुत ही पुराना नाता रहा है। विश्वास बोले- मेरा पेमेंट हो गया है, किसी को नहीं छोडूंगा। कुमार विश्वास ने भाजपा नेताओं की चुटकी ली। उन्होंने कहा- "मैं आज यहां पर आया हूं तो भाजपा वाले ये न समझे कि मैं आज कोई अच्छी बात बोलूंगा। मेरा पेमेंट हो चुका है,इसलिए आज किसी को नहीं छोड़ने वाला हूं। पूर्व भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल का नाम लेते हुए कहा-"लोग कह रहे हैं राजेंद्र जी बदल गए हैं अब वो सांसद नहीं है। जबकि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो कह रहे हैं पहले वाले राम अच्छे थे।
उन्होंने राजेंद्र अग्रवाल की चुटकी लेते हुए कहा- आज यहां पर भीड़ अधिक हो गई है। अगर किसी को बैठने की सीट न मिली हो तो आप राजेंद्र अग्रवाल की तरफ देख सकते हैं। भाजपा नेताओं की चुटकी लेते हुए कहा- भ्रम में न रहे कि मैं उनके लिए कोई अच्छी बात बोलूंगा। मेरठ महोत्सव आने वाले दिनों में देश के श्रेष्ठ महोत्सव बनेगा।
मैं आज यहां पर बहुत दिनों के बाद आया हूं। मैं दुनिया भर के 44 देशों में घूम आया हूं लेकिन कभी नहीं कहा कि मैं गाजियाबाद का हूं। मेरठ में मैं पैदा हुआ हूं। हमारे यहां एक कहावत है कि हाथी घूमे गांव-गांव जिसकी हाथी उसी का नाव।"
जिसके बाद उन्होंने मीडिया वालों पर चुटकी लेते कहा-"आज देश भर की बड़ी मीडिया यहां पर मौजूद है। ये इसलिए नहीं आये हैं कि कल कवि सम्मेलन दिखाए कवर करे बल्कि इसलिए आये हैं क्योंकि कुमार विश्वास कुछ बोले और ये तुरंत ब्रेकिंग न्यूज चला दें। 'भाजपा नेताओं के सामने कुमार विश्वास ने किया इशारा'। पत्रकार मित्रों अगर आपने इशारा अपनी पत्नी का पकड़ा होता तो यहां नहीं आना पड़ता। उन्होंने आगे कहा-आने वाले समय में मेरठ महोत्सव देश के सबसे श्रेष्ठ महोत्सव की लिस्ट में शामिल होगा।
ये है कार्यक्रम का 5 दिनों का पूरा शेड्यूल
महोत्सव में सांसद और बालीवुड अभिनेत्री हेमामालिनी अपनी गंगावतरण नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगी। कवि कुमार विश्वास भी एक दिन कविताओं और रामकथा सुनाएंगे। वहीं बालीवुड के प्लेबैक सिंगर शंकर महादेवन, नीति मोहन और हर्षदीप कौर की नाइट होगी। 21 से 25 दिसंबर तक आयोजित मेरठ महोत्सव में रात को बालीवुड नाइट होगी। दिन में इंटलैक्चुअल टॉक्स और टेक्निकल सेशन होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए फोर्स तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस फोर्स की ड्यूटी निर्धारित की गई है। शहर के प्रमुख चौराहों को सजाया गया है। महोत्सव में अलग -अलग स्टॉल लगाए गए हैं। विक्टोरिया पार्क को भी सजाया गया। डीएम और एसएसपी ने विक्टोरिया पार्क पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोत्सव में आ सकते हैं। इसके लिए उन्हें न्योता दिया गया है। सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम कराने की जिम्मेदारी डीएम दीपक मीणा ने अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय को दी है।