मथुरा के वृंदावन में ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा चलाए गए क्रूज का एक बार फिर विरोध शुरू हो गया है। केशीघाट पर 500 से ज्यादा नाविकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया। नाविकों द्वारा शुरू किए गए धरने के समर्थन में कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंच गए। मथुरा में अयोध्या क्रूज लाइन कंपनी द्वारा क्रूज का संचालन किया जा रहा है। हालांकि यमुना नदी में कम जल होने के कारण क्रूज चल भी नहीं पा रहा। इसके चलते क्रूज कंपनी दो छोटी मोटर वोट ले आई और संचालन शुरू कर दिया। इसके विरोध में नाविकों ने प्रदर्शन किया।
नाविकों के छोटी नाव चलाने के विरोध के बीच क्रूज का संचालन कर रही कंपनी के संचालक ने 21 जनवरी को 4 नाविकों के खिलाफ FIR दर्ज करा दी थी। नाविकों का आरोप था कि क्रूज के लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हीं के खिलाफ FIR दर्ज करा दी थी। इसको लेकर वह अधिकारियों से मिले लेकिन केवल आश्वासन ही मिला।
क्रूज कंपनी के मनमाने रवैए और प्रशासन की हठधर्मिता के चलते मल्लाह समाज से जुड़े नाविकों ने सोमवार को वृंदावन के केशीघाट पर धरना शुरू कर दिया। श्री यमुना महारानी निषाद सेवा समिति के बैनर तले नाविक और उनके परिवार की महिलाएं धरने पर बैठ गई। नाविकों ने इस दौरान ब्रज तीर्थ विकास परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। नाविकों द्वारा किए गए प्रदर्शन के कारण वृंदावन में नावों का संचालन ठप हो गया। नाविकों ने यमुना में अपनी नाव खड़ी कर दी। नाविकों का कहना था कि जब तक उनको न्याय नहीं मिलेगा तब तक वह आंदोलन करते रहेंगे। नावों के संचालन न होने से यमुना बिहार करने आने वाले श्रद्धालु परेशान दिखे।
निषाद समाज द्वारा धरना देने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर, कांग्रेस पार्टी से लोकसभा चुनाव लड़े मुकेश धनगर, प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद, जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसौदिया, विक्रम वाल्मीक सहित अन्य नेता मौके पर पहुंच गए। लोकसभा चुनाव लड़ चुके मुकेश धनगर ने कहा कि प्रशासन उनको बहलाए न। जब तक क्रूज का संचालन नहीं रुकेगा यह आंदोलन चलता रहेगा। धरने में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि यह केवल संचालन और नेतागिरी का मुद्दा नहीं बल्कि रोजी रोटी से जुड़ा मुद्दा है। निषाद समाज भगवान राम के समय से नाव चला रहा है। ऐसे में ब्रज तीर्थ विकास परिषद बाहर के लोगों को लाकर क्रूज का संचालन कर इनसे रोजी रोटी छीनना चाहता है।
निषाद समाज द्वारा दिए जा रहे धरने की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, अपर सिटी मजिस्ट्रेट अजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक, सीओ सदर संदीप सिंह, कोतवाली प्रभारी रवि त्यागी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जहां अधिकारियों ने धरना दे रहे नाविकों को समझाने का प्रयास शुरू कर दिया। नाविकों के चल रहे धरने में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि निषाद समाज के रोजगार को छिनने का काम उत्तर प्रदेश सरकार कर रही है। प्रशासन अगर उनकी मांगों को हल्के में लेगा तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा जिसकी शुरुआत यहां से हो चुकी है। कांग्रेस से लोकसभा चुनाव लड़ चुके मुकेश धनगर ने कहा कि यह लोग 6 महीने से संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन कोई समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
मुकेश धनगर ने कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह जल समाधि लेंगे। धरना दे रहे नाविकों को समझाने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को नाविकों ने समस्या का समाधान करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार ने कहा कि इन लोगों से कहा है कि 5 सदस्यीय कमेटी गठित कर लें फिर वार्ता करके इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। इन्होंने ज्ञापन दिया है। नाविक बलवीर ने बताया कि उनके समाज के 10 हजार लोगों की रोजी रोटी पर इसका असर पड़ रहा है।