Breaking News

इंडियन शिप 'दिशा' ने होर्मुज पार किया, 18 जून को भारत पहुंचेगा: शिपिंग मंत्रालय     |   कर्नाटक CM ने बिदादी टाउनशिप प्रोजेक्ट का बचाव किया, बोले- विपक्ष कर रहा राजनीति     |   ‘वैश्विक संस्थाओं को 21वीं सदी के अनुसार बदलना है’, स्लोवाकिया में PM मोदी ने कहा     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया     |   ‘हमने अपनी ताकतों को जोड़ा है’, स्लोवाकिया में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |  

नोएडा एयरपोर्ट पर आज से उड़ानें शुरू, जमीन देने वाले 170 किसान बने पहले यात्री

नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कॉमर्शियल उड़ानें आज से शुरू गई हैं। सबसे पहले सुबह 8:05 बजे लखनऊ से यात्रियों को लेकर आया विमान नए एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली शेड्यूल्ड फ्लाइट 6E-2278 पहुंची। यह फ्लाइट अपनी यात्रा जारी रखते हुए बेंगलुरु जाएगी। वही, एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट ने लखनऊ के लिए उड़ान भरी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया।

लखनऊ से निकली फ्लाइट सुबह 8:05 पर जेवर एयरपोर्ट के रनवे पर उतरी। इसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नोएडा के कारोबारी मौजूद थे। लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट आई फ्लाइट यात्रियों को लेकर बंगलुरू के लिए रवाना हुई। वहीं, नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान सुबह 8:30 पर लखनऊ के लिए रवाना हुई इसमें एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले 170 किसान और कामगार शामिल हुए, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा, 'यह न केवल एक अच्छी सुबह है, बल्कि यहां मौजूद हम सभी के लिए यह एक बहुत ही खास और भावुक सुबह है। मैं सबसे पहले उन किसानों को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे बेहद अहम और प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट के लिए अपनी ज़मीन दी, जिसे आज हम हकीकत बनते देख रहे हैं। अगर यह 10 साल पहले की बात होती, तो जेवर गांव में इस शानदार एयरपोर्ट को देखने का काम नामुमकिन होता।'

लखनऊ के लिए उड़ान वाली फ्लाइट में जेवर विधायक किसान और कामगारों के साथ लखनऊ जा रहे हैं। जहां इन सभी की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होगी। सीएम से मुलाकात करने के बाद सभी किसान शाम को लखनऊ से फ्लाइट लेकर नोएडा लौट आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसके बाद से लगातार एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने का लोगों को इंतजार था।

जेवर-ग्रेटर नोएडा के विधायक धीरेंद्र सिंह ने ट्वीट किया, "जेवर के किसान उसी ज़मीन पर बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए फ़्लाइट ले रहे हैं, जहां वे कभी अपने परिवारों के साथ खेती करते थे। यह एक ऐतिहासिक पल है।" नोएडा एयरपोर्ट भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक है।

इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार किया गया है। ये एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को दुनिया के प्रमुख एविएशन हब में बदलने में अहम भूमिका निभाएगा। शुरुआत में देश के 45 शहरों के लिए करीब 65 कॉमर्शियल फ्लाइटें शुरू होंगी। 

एयरपोर्ट का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2021 में किया था। स्विस कंपनी ज्यूरिख इंटरनेशनल को इस एयरपोर्ट का बनाने का टेंडर मिला। पहले फेज के तहत 1334 हेक्टेयर में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सभी चार चरणों के पूरा हो जाने के बाद ये एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का छठा बड़ा एयरपोर्ट होगा।