Breaking News

असम एग्जिट पोल: NDA को 102 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें मिलने का अनुमान     |   गृहमंत्री अमित शाह लेह पहुंचे; लद्दाख के उपराज्यपाल और सांसद ने उनका स्वागत किया     |   पंजाब बीजेपी 1 मई को चंडीगढ़ में ‘जनता दी विधानसभा’ आयोजित करेगी     |   ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |  

नारी को सम्मान देने वाला समाज होता है समर्थ और शक्तिमान- सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रदेशवासियों को महापर्व शारदीय नवरात्र की पावन महानवमी व विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि शारदीय नवरात्र नारी गरिमा की प्रतिष्ठा का पर्व है। जिस समाज में नारी की पूजा होती है और सम्मान दिया जाता है वह समाज स्वयं ही समर्थ और शक्तिमान होता है।

मुख्यमंत्री योगी बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर गोरखनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि में कन्या पूजन के बाद उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की पर्व और त्योहार से जुड़ी समृद्ध परंपरा सबका ध्यान आकर्षित करती है, आज शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली मां सिद्धिदात्री के स्वरूप के पूजन के साथ कन्या पूजन का अनुष्ठान हो रहा है। वह सौभाग्यशाली हैं कि गोरक्षपीठ की पवित्र परंपरा के अनुसार उन्हें भी कन्या पूजन का अनुष्ठान करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति की आराधना के साथ आधी आबादी के सम्मान का भी प्रतीक पर्व है, भारतीय मनीषा ने प्राचीनकाल से ही ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता:’ अर्थात जहां नारी की पूजा की जाती है, उसका सम्मान किया जाता है वहां दैवीय शक्तियों का वास होता है की मान्यता और इसके भाव को अंगीकार किया है।

उन्होंने कहा कि नवरात्र में जगतजननी भगवती मां दुर्गा के पावन नौ स्वरूपों की आराधना सनातन धर्म की उदात्त और पवित्र परंपरा का महत्वपूर्ण अवसर है। यह आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की नई प्रेरणा देने का भी माध्यम है। सीएम योगी ने कहा कि आधी आबादी की सुरक्षा के साथ पूरे समाज की सुरक्षा जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि जब हम आधी आबादी को सामर्थ्यवान बनाकर उनकी गरिमा और सम्मान की सुरक्षा करेंगे तो प्रदेश और देश सभी नागरिकों के जीवन मे खुशहाली लाने के लक्ष्यों को प्राप्त करेगा।