Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

Uttar Pradesh: कुशीनगर में सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, पांच लोग घायल

Uttar Pradesh: कुशीनगर जिले के कसया थानाक्षेत्र में पकवाइनार चौराहा पर बुधवार दोपहर अनियंत्रित ‘डंफर’ (एक प्रकार का मालवाहक वाहन) ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

थाना प्रभारी (कसया) अभिनव मिश्रा ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे पकवाइनार चौराहे पर कुशीनगर से हेतिमपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ़्तार ‘डंपर’ ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी और फिर ‘डिवाइडर’ पार करके दूसरी ‘लेन’ में चला गया। मिश्रा का कहना है कि गलत ‘लेन’ में जाने के बाद, अनियंत्रित ‘डंपर’ की एक ई-रिक्शा, एक मोटरसाइकिल, एक कंटेनर ट्रक और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे पांच गाड़ियों को नुकसान हुआ।

अधिकारियों का कहना है कि टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि इलाके में धूल का गुबार छा गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बाद में आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार मरने वालों की पहचान कसया के पिपरी चौबे टोला के साइकिल सवार रामविलास उर्फ साधु (60) और दो मोटरसाइकिल सवारों – केशव राजभर (24) और चंदन राजभर (22) के रूप में हुई हैं।

केशव और चंदन देवरिया जिले के महुआवा थाने के सहोदर पट्टी के रहने वाले थे। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों में ई-रिक्शा सवार शिवकुमारी देवी (42) भैंसाहा की, 16 साल की लक्ष्मी पटेल, 17 साल की काजल पकवाइनार की, ट्रैक्टर ड्राइवर अजय सिंह (46) शामपुर हटवा का, और एक अन्य व्यक्ति शामिल है, जिसकी पहचान की जा रही है। पुलिस टीम ने यातायात बहाल करने के लिए क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाया और आगे की कार्रवाई जारी है।