Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

छात्रों के लिए जारी रहेगी मुफ्त बस पास योजना, तमिलनाडु सरकार ने किया ऐलान

Tamil Nadu: तमिलनाडु सरकार ने कहा है कि वह इस साल से भी स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए मुफ्त बस पास योजना जारी रखेगी। मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में बताया था कि उनकी सरकार पिछली सरकारों द्वारा शुरू की गई सभी कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेगी।

तमिलनाडु के परिवहन मंत्री ए. विजय ने शनिवार को कहा कि राज्य के सभी स्कूल चार जून से खुलेंगे। इसके बाद सरकारी कला और विज्ञान कॉलेज, सरकारी डेंटल कॉलेज और सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भी खुलेंगे।

उन्होंने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2026–27 के लिए छात्रों को उनके स्कूलों और कॉलेजों में ही मुफ्त बस पास दिए जाएंगे। इसके लिए तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। मंत्री ने कहा कि बस पास जारी करने में कुछ समय लगेगा। इसलिए इस दौरान स्कूल के छात्र स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर बिना किराया दिए बस में आ-जा सकते हैं।

इसी तरह, सरकारी कॉलेजों के छात्र अपने कॉलेज का पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने ये भी बताया कि पूरे राज्य में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें बनाई गई हैं, जो ये सुनिश्चित करेंगी कि छात्रों के लिए बस सेवाएं सही ढंग से चलें।

साथ ही, तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम के सभी बस चालकों और परिचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित बस स्टॉप पर बस रोकें और छात्रों के बस में चढ़ने और उतरने के दौरान उनकी सुरक्षा का ध्यान रखें।