Breaking News

1984 सिख दंगे: SC का सज्जन कुमार को बीमार पत्नी से मिलने के लिए जमानत से इनकार     |   पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत आ रहा है, बीजेपी की सरकार बनने के करीब: अमित शाह     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘सरकार बनी तो भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र लगाएंगे’, बोले अमित शाह     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘दूसरे चरण में और उत्साह से वोटिंग होगी’, अमित शाह ने कहा     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘किसानों की खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध’, बोले अमित शाह     |  

इजराइल-लेबनान के बीच शांति की नई उम्मीद: ट्रंप ने सीजफायर बढ़ाने का किया ऐलान

मिडिल ईस्ट में लगातार चल रहे संघर्ष, तनाव और नागरिकों की मौतों को लेकर दुनिया के कई हिस्सों में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ विरोध रहा है. ग़ज़ा और ईरान के बाद अब लेबनान में अमेरिकी संरक्षण में इजरायल लगातार बेगुनाहों की हत्या कर रहा है. इसको लेकर इटली, फ्रांस समेत यूरोप के कई देशों ने इजरायल और अमेरिका की आलोचना की है. 

वहीं, जारी जंग के बीच सीजफायर को लेकर एक अहम सियासी और कूटनीतिक अपडेट सामने आया है, जिसने क्षेत्र में थोड़ी राहत की उम्मीद जगाई है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि इजरायल और लेबनान के बीच लागू सीजफायर को तीन हफ्ते के लिए और बढ़ाने पर सहमति बन गई है. यह फैसला दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया. 

व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि लेबनान और इजरायल के उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें सकारात्मक माहौल रहा. ट्रंप ने बताया कि आने वाले कुछ हफ्तों में लेबनान के राष्ट्रपति और इजरायल के प्रधानमंत्री अमेरिका आ सकते हैं. ट्रंप के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच फिलहाल कुछ समय के लिए गोलीबारी बंद रखने पर सहमति बनी है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति पूरी तरह आसान नहीं है, क्योंकि क्षेत्र में हिज्बुल्लाह जैसी ताकतों को लेकर भी चुनौतियां बनी हुई हैं.

इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर भी इस समझौते की जानकारी शेयर की थी. ट्रंप ने लिखा था कि अमेरिका की सरकार लेबनान के साथ मिलकर काम करेगी ताकि वह अपनी सुरक्षा को मजबूत कर सके और हिज्बुल्लाह जैसे ग्रुप्स से खुद को बचा सके. उन्होंने यह भी बताया कि इस बैठक में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, इजरायल और लेबनान में तैनात अमेरिकी राजदूत समेत कई सीनियर अधिकारी शामिल थे.

लेबनान में बेगुनाहों की हत्या के कथित सीजफायर को अमेरिका एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर रहा है. अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस फैसले को ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम बताया और ट्रंप की जमकर तारीफ की. वेंस का कहना था कि राष्ट्रपति ट्रंप की सीधी भूमिका की वजह से ही यह समझौता मुमकिन हो सका है. 

वहीं विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सक्रिय भागीदारी ने सीजफायर को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है, जिससे अब दोनों देशों के बीच स्थायी शांति की दिशा में काम करने के लिए समय मिल गया है. रुबियो ने यह भी उम्मीद जताई कि आने वाले हफ्तों में स्थिति और बेहतर होगी, साथ ही इजरायल और लेबनान के बीच लंबे समय तक चलने वाली शांति की दिशा में तरक्की देखी जा सकेगी.