Breaking News

पीएम मोदी ने कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर एबेलार्डो को दी बधाई     |   अमेरिका के लिए पछतावे का कारण बनेगा सीजफायर का उल्लंघन: ईरान     |   कतर के रास लाफान दुर्घटना, 8 भारतीयों का शव आज पहुंचा इंडिया     |   प्रियंका गांधी ने वायनाड के कल्पेट्टा में किया आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन     |   जंग खत्म करने को लेकर लेबनान और इजरायल में बड़ी डील     |  

DRI की बड़ी कार्रवाई, सूरत में 2 किलो कोकीन जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, एक महीने में 26 किलो कोकीन बरामद

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरत से 2 किलोग्राम कोकीन बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। DRI के अनुसार, पिछले एक महीने में मुंबई, दिल्ली, जयपुर, पटना, कोच्चि और अहमदाबाद के हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, कूरियर टर्मिनलों और हाईवे पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब 26 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई है। इस कार्रवाई में 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 14 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि तस्कर कोकीन की तस्करी के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते थे। इनमें कैप्सूल निगलकर शरीर के अंदर छिपाना, घरेलू और खाद्य पदार्थों में छिपाना, कपड़ों में भिगोकर ले जाना और सामान (बैगेज) में छिपाकर तस्करी करना शामिल है। DRI ने बताया कि वह संगठित ड्रग तस्करी गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इन अभियानों का उद्देश्य भारत सरकार के 'नशा मुक्त भारत' अभियान को मजबूत करना और नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर रोक लगाना है।

26 जून को हर साल अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और अवैध ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ वैश्विक स्तर पर कार्रवाई को बढ़ावा देना है। इसी अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यों से ड्रग तस्करी के खिलाफ "डिटेक्ट, डिडक्ट और डिस्ट्रॉय" रणनीति अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ड्रग माफिया और तस्करी के सरगनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जबकि नशे के शिकार लोगों के पुनर्वास और उपचार पर संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए।अमित शाह ने कहा कि अगले तीन वर्ष भारत की नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे और इस अभियान में केंद्र, राज्य सरकारों, युवाओं, समाज और सभी संबंधित संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा।