Breaking News

योगी आदित्यनाथ कर्तव्य भवन पहुंचे, गृहमंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात     |   बांकीपुर से वीणा मानवी का नामांकन रद्द     |   जेल में बंद आसाराम ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट से फिर लगाई गुहार     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   J-K के सांबा जिले में ड्रोन मार गिराया गया     |  

संसद के मानसून सत्र के लिए कांग्रेस बनाएगी रणनीति, 16 जुलाई को सोनिया गांधी के घर होंगी बैठक

संसद के आगामी मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 16 जुलाई को कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की अहम बैठक कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें मानसून सत्र के दौरान संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों और पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले 19 जुलाई को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक भी सुबह 11 बजे होगी, जिसमें सरकार संसद के एजेंडे पर चर्चा करेगी और सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करेगी। संसद के हर सत्र से पहले इस तरह की बैठक आयोजित की जाती है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने पहले ही जानकारी दी थी कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र सरकार की सिफारिश पर दोनों सदनों का सत्र बुलाने की मंजूरी दे दी है। रिजिजू ने कहा कि इस दौरान राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सार्थक चर्चा, बहस और निर्णय लिए जाएंगे।

इस बार मानसून सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है। वहीं, विपक्ष भी महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में संसद का यह सत्र काफी हंगामेदार रहने की संभावना है। इस बीच, 130वें संविधान संशोधन विधेयक की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (JPC) अपनी रिपोर्ट 17 जुलाई को मंजूर कर संसद में पेश कर सकती है।

इस प्रस्तावित विधेयक को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। विधेयक में यह प्रावधान है कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या केंद्र एवं राज्य सरकार के मंत्री किसी गंभीर अपराध के मामले में लगातार 30 दिनों तक न्यायिक हिरासत में रहते हैं, तो उनका पद स्वतः समाप्त हो जाएगा। इसी प्रावधान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मतभेद बने हुए हैं।