रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को राखी बांधी। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना स्नेह और विश्वास जताते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तीकरण के लिए उनका अभिनंदन किया।

महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व बहनों के सम्मान, सुरक्षा और संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और परिवारों को आर्थिक सहारा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं ने योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि उनके द्वारा बांधी गई राखी सिर्फ एक पवित्र धागा नहीं, बल्कि विश्वास, आत्मीयता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “दिल्ली की प्रत्येक बहन और बेटी का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।” सरकार इसी भावना के साथ महिलाओं के हित में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है। दिल्ली सरकार महिला कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि हर पात्र महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

इस दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री के साथ आत्मीय संवाद किया और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी सभी महिलाओं के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हर परिस्थिति में राजधानी की अपनी बहनों और बेटियों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।