Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

पंजाब में यौन उत्पीड़न का आरोपी पादरी, महिला-पुरुष को थप्पड़ मारते हुए सीसीटीवी में हुआ कैद

पंजाब में यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरा एक पादरी सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित होने के बाद फिर सुर्खियों में आ गया है। इस वीडियो में वो एक महिला और एक पुरुष से बहस करते हुए और उन्हें थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहा है। पहले इस स्वंयभू ईसाई धर्म प्रचारक पादरी बजिंदर सिंह (42) पर 22 वर्षीय महिला का यौन उत्पीड़न करने का मामला 28 फरवरी को दर्ज किया गया था। 

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने सिंह के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया और पंजाब राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए शिकायतकर्ता को सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश जारी किया। 

सिंह का हाल का यह वीडियो कथित रूप से 14 फरवरी की एक कमरे की सीसीटीवी फुटेज लगती है। वीडियो में सिंह एक महिला के मुंह पर कागज फेंकते हुए, उससे बहस करते हुए और उसे थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में वह एक व्यक्ति को बार-बार थप्पड़ मारते हुए भी नजर आ रहा है। 

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया मंच पर इस वीडियो के सामने आने के बाद उसे अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है,लेकिन वीडियो की प्रामाणिकता, घटना के स्थान और समय जानने के लिए सत्यापन किया जा रहा है। स्वयंभू ईसाई प्रचारक बजिंदर सिंह दो चर्च चलाता है। पहला चर्च जालंधर के ताजपुर में ‘द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ और दूसरा मोहाली के माजरी में है। 

सिंह साल 2012 में ईसाई प्रचारक बना था। उसके समर्थक दावा करते हैं कि भारत और विदेश उसके चर्च की कई शाखाएं हैं। चर्च में धार्मिक समागम का आयोजन किया जाता है और बड़ी संख्या में लोग यहां अपनी बीमारियों का इलाज कराने की उम्मीद में आते हैं। इन समागमों का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल ‘पैगंबर बजिंदर सिंह’ पर किया जाता है। इस चैनल के 37.4 लाख सब्सक्राइबर हैं।