Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

सोनापुर में अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस की गोलीबारी में दो लोगों की मौत

असम के कामरूप जिले में गुरुवार को कथित तौर पर अतिक्रमण करने वालों को हटाने के दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर हमला कर दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने गोली चलायी जिसमें दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।

अधिकारी ने दावा किया कि भीड़ के हमले में कई अधिकारी और सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए जिसके बाद पुलिस को गोलियां चलानी पड़ीं। उन्होंने बताया कि सोनापुर अंचल कार्यालय और पुलिस की टीम जिले के कोचुटोली गांव में बंगाली भाषी मुस्लिम ग्रामीणों से जमीन खाली कराने गई थी।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को पहले भी यहां से हटाया गया था, लेकिन वो यहां फिर आ गए। अधिकारी ने बताया कि महिलाओं समेत ग्रामीणों ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियारों, लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे एक मजिस्ट्रेट और 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए गोली चलानी पड़ी। गोलीबारी में दो अतिक्रमणकारी घायल हो गए और उन्हें सोनापुर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जुबाहिर अली और हैदर अली के रूप में हुई है। सोनापुर के सर्किल अधिकारी नितुल खटानियार, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मृणाल डेका और सोनापुर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी हीरक ज्योति सैकिया भी घायलों में शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल हालात कंट्रोल में है, लेकिन पूरे इलाके में तनाव है।