तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पास रेलवे लाइन की बहाली का काम शनिवार को भी जारी है। एक दिन पहले एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक्सप्रेस ट्रेन मुख्य लाइन में आने के बजाय लूपलाइन में चली गई और खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए और एक कोच में आग लग गई।
साउदर्न रेलवे ने बताया कि दरभंगा बागमती एक्सप्रेस के कावराईपेट्टई में हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन के यात्री शनिवार को स्पेशल ट्रेन से दरभंगा के लिए रवाना हुए।
रेलवे ने कहा कि ट्रेन नंबर 12578 मैसूरू-दरभंगा बागमती एक्सप्रेस 11 अक्टूबर की रात करीब 8.30 बजे हादसे का शिकार हो गई। यात्रियों को बसों से पोन्नेरी और फिर दो ईएमयू स्पेशल से चेन्नई सेंट्रल ले जाया गया। साउदर्न रेलवे ने इस सेक्शन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के समय में बदलाव किया है।