Breaking News

राम मंदिर दान चोरी मामला, SIT जांच में लापरवाही के सबूत मिले     |   अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे     |   WB: बैंक अकाउंट्स फ्रीज होने पर तृणमूण कांग्रेस ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया     |   एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से हमला, आरोपी अरेस्ट     |   दाखिल-खारिज व्यवस्था में सुधार, बिहार सरकार ने लागू किए नए प्रावधान     |  

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बादल फटने से तबाही, तीन लोग लापता

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार को बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में तीन लोग बह गए तथा कई घर, एक स्कूल भवन, संपर्क सड़कें और छोटे पुल क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

कुल्लू जिले के सैंज में जीवा नाला और रेहला बिहाल तथा गड़सा क्षेत्र के शिलागढ़ में बादल फटने की तीन घटनाएं हुईं। अधिकारियों ने बताया कि रेहला बिहाल में अपने घरों से सामान निकालने की कोशिश कर रहे तीन लोग बाढ़ में बह गए और लापता हैं। कुल्लू के अतिरिक्त जिला आयुक्त (एडीसी) अश्विनी कुमार ने बताया कि जिले के मनाली और बंजार में भी अचानक बाढ़ आ गई। टीम मौके पर मौजूद है और तलाश अभियान जारी है। 

मणिकरण घाटी में ब्रह्म गंगा नाले में अचानक बाढ़ आने की भी सूचना मिली है। पानी का स्तर कई घरों तक पहुंच गया है और अगर यह जल्दी कम नहीं हुआ तो इससे नुकसान हो सकता है। कुल्लू में कई जगहों पर भारी बाढ़ के कई वीडियो में तबाही के निशान दिखे हैं। एक वीडियो में एक वाहन कीचड़ भरे पानी में बहता हुआ दिखाई दे रहा है। 

बंजार के विधायक सुरिंदर शौरी ने कहा, ‘‘सुबह से भारी बारिश हो रही है और मुझे कई कॉल आए हैं कि बारिश के कारण सैंज, तीर्थन और गड़सा में नुकसान हुआ है। मैंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करने को कहा है क्योंकि लोग परेशान हैं।’’

ब्यास और सतलुज नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसके अलावा, लाहौल और स्पीति पुलिस ने कहा कि काजा से समदोह तक सड़क भूस्खलन, मलबा गिरने और नालों के उफान पर होने के कारण कई स्थानों पर अवरूद्ध हो गई है।