भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आज उत्तर प्रदेश में बड़ा बूथ सम्मेलन करने जा रही है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर एक साथ बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई बड़े नेता और मंत्री अलग-अलग जगहों पर पहुंचेंगे। इस दौरान प्रदेश के 1,918 मंडलों में बने करीब 1 लाख 77 हजार 516 बूथों का सत्यापन किया जाएगा। बूथ अध्यक्षों की रैंडम जांच भी होगी। अगर कोई बूथ अध्यक्ष कार्यक्रम में मौजूद नहीं मिलता है तो जिलाध्यक्ष इसकी रिपोर्ट बनाकर प्रदेश संगठन को भेजेंगे।
बीजेपी का यह अभियान मिशन 2027 को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। पार्टी ने 2014, 2017 और 2019 के चुनावों में मजबूत बूथ प्रबंधन के जरिए बड़ी जीत हासिल की थी। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन में कुछ कमी आई। अब बीजेपी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करके 2027 में लगातार तीसरी बार यूपी की सत्ता में आने की तैयारी कर रही है।
पार्टी के अनुसार, पहले कई बार ऐसी शिकायतें सामने आई हैं कि कुछ बूथ केवल कागजों पर बने हुए हैं और वहां कोई सक्रिय कार्यकर्ता नहीं है। इसी वजह से आज के सम्मेलन में बूथों और बूथ अध्यक्षों का सत्यापन किया जाएगा। कार्यक्रम में वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है। इस कार्यक्रम के संयोजक प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल हैं। प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक बनाया गया है। विधानसभा स्तर पर भी एक कार्यक्रम संयोजक नियुक्त किया गया है।
वहीं, बूथ सम्मेलन के दौरान बूथ अध्यक्षों की बड़ी नेम प्लेट भी लगाई जाएगी। पार्टी का मानना है कि इससे बूथ अध्यक्षों की भूमिका और जिम्मेदारी को और मजबूत किया जा सकेगा। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर की सदर और देहात विधानसभा में रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर की लहरपुर विधानसभा पहुंचेंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बरेली शहर और ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर की जलालाबाद विधानसभा में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा, स्वतंत्रदेव सिंह मोहनलालगंज, रमापति राम त्रिपाठी बलिया सदर, मंत्री जेपीएस राठौर मथुरा की गोवर्धन विधानसभा, एके शर्मा लखनऊ मध्य और एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल सरोजिनीनगर विधानसभा के बूथ सम्मेलन में शामिल होंगे।