Breaking News

मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |   आंध्र प्रदेश: डिप्टी सीएम पवन कल्याण का मुंबई में ऑपरेशन: दाहिने कंधे की साढ़े 3 घंटे चली सर्जरी     |   फ्रांस में लॉरेंस विश्नोई गैंग का एक गैंगस्टर गिरफ्तार     |   मंदिर चढ़ावा चोरी के दो अन्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेगी     |   INS महेंद्रगिरि भारतीय नौसेना में शामिल, राजनाथ सिंह बोले- आंध्र रक्षा निर्माण का नया केंद्र     |  

तेलंगाना सुरंग हादसा: लापता सात लोगों की तलाश में अभियान तेज

तेलंगाना के नागरकुरनूल में ‘श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कनाल’ (एसएलबीसी) परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा ढहने से उसके अंदर 22 फरवरी से फंसे सात लोगों को खोजने के लिए जारी तलाश अभियान के तहत रविवार को बचाव दलों और संबंधित उपकरण को सुरंग के भीतर भेजा गया। आधिकारिक सूत्रों ने ये जानकारी दी। शनिवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि इस अभियान में मिट्टी हटाने के लिए एक स्वायत्त ‘हाइड्रोलिक-संचालित रोबोट’ का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसके साथ ही 30 अश्वशक्ति (हॉर्सपावर) क्षमता वाले ‘लिक्विड रिंग वैक्यूम पंप’ और ‘वैक्यूम टैंक मशीन’ जैसे उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है जो सुरंग के अंदर मिट्टी और मलबे को तेजी से हटाने में मदद करते हैं। बयान में कहा गया कि इन उपकरणों के उपयोग से तलाश अभियान में तेजी आई है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘कन्वेयर बेल्ट’ का उपयोग करके सुरंग से प्रति घंटे लगभग 620 घन मीटर मिट्टी और मलबा हटाया जा सकता है। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, एचआरडीडी (मानव अवशेषों का पता लगाने में मदद करने वाले खोजी कुत्ते), सरकारी खनन कंपनी सिंगरेनी कोलियरीज, हैदराबाद स्थित रोबोटिक्स कंपनी और दूसरी एजेंसियों की टीम इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हैं।

पानी निकालने के प्रयास समेत तलाश अभियान चौबीसों घंटे जारी है। एसएलबीसी परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा 22 फरवरी को ढह जाने के बाद इंजीनियर और मजदूरों समेत आठ लोग इसमें फंस गए थे। ‘टनल बोरिंग मशीन’ (टीबीएम) ऑपरेटर के रूप में काम करने वाले गुरप्रीत सिंह का शव नौ मार्च को बरामद किया गया था। उनका शव पंजाब में रहने वाले उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है।