तेलंगाना में करीमनगर के डॉ. बी. आर. आंबेडकर स्टेडियम में सोमवार सुबह आठ बजे से एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू हो गई। मतगणना के लिए अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। सुचारू और निष्पक्ष प्रक्रिया पक्की करने के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर, पर्यवेक्षक और मतगणना सहायक तैनात किए गए हैं।
स्नातक मतों की गिनती के लिए 21 टेबल हैं, जबकि शिक्षकों के मतों की गिनती के लिए 14 टेबल आवंटित हैं। स्टेडियम में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। इसके अलावा स्टेडियम के बाहर एक विशेष एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है, जिससे हर पल की जानकारी दी जाती है।
एकमात्र स्नातक निर्वाचन सीट के लिए 56 उम्मीदवार मैदान में हैं। मेडक-निजामाबाद-आदिलाबाद-करीमनगर के लिए 15 और वारंगल-खम्मम-नलगोंडा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी तीनों सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने सिर्फ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार उतारा है। बीआरएस ने चुनाव से दूर रहने का फैसला किया है।