महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कसारा घाट पहाड़ी खंड में रविवार को दूध का टैंकर 200 फीट गहरी घाटी में गिर गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।
हादसे के बारे में पुलिस ने कहा कि शुरूआती जांच में पता चला है कि टैंकर तेज रफ्तार में मुंबई की ओर जा रहा था। एक तेज मोड़ पर टैंकर बेकाबू हो गया।
ठाणे ग्रामीण की पुलिस ने कहा, "दोपहर करीब तीन बजे हुई दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। टैंकर नासिक जिले के सिन्नर से मुंबई की ओर जा रहा था।"
उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद बचाव और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। भारी बारिश के बीच रस्सियों की मदद से घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।
शवों के पोस्टमॉर्टम और पहचान के लिए उन्हें सरकारी अस्पताल भेजा गया है। घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से घोटी गांव के अस्पताल ले जाया गया।