Breaking News

पहले फेज में 110 सीटें जीतेगी BJP, दीदी का कोई आधार नहीं बचेगा: अमित शाह     |   'भ्रष्ट हाथों में है AAP की कमान, निराश होकर छोड़ी पार्टी', राघव चड्ढा का केजरीवाल पर सीधा प्रहार     |   दिल्ली के जहांगीरपुरी के मजलिस पार्क के पास भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर राख     |   हरभजन सिंह के घर की दीवार पर लिखा 'पंजाब का गद्दार', काली पट्टी बांध सड़कों पर उतरे AAP कार्यकर्ता     |   लखनऊ: 30 अप्रैल को उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के लिए कार्यक्रम जारी     |  

West Bengal: एसआईआर प्रक्रिया शुरू, मतदाताओं के घर जा रहे बीएलओ

West Bengal: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मंगलवार को शुरू हो गया और बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं के घरों पर जाकर उन्हें गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने ये जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए कुल 80,681 बीएलओ तैनात किए गए हैं।

अधिकारी ने प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, ‘‘राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अब तक कुल 7.66 करोड़ गणना प्रपत्र तैयार किए जा चुके हैं और प्रत्येक मतदाता को दो प्रपत्र मिलेंगे। बीएलओ दोनों प्रपत्र पर हस्ताक्षर करेंगे।"

उन्होंने बताया "अधिकारी एक प्रपत्र भारत निर्वाचन आयोग के लिए अपने पास रखेंगे और दूसरा प्रपत्र मुहर लगी पावती के साथ लौटाएंगे, जिसकी भविष्य में संदर्भ के लिए आवश्यकता हो सकती है।’’ उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यह प्रक्रिया पूरे राज्य में सुचारू रूप से जारी रहेगी।’’ पश्चिम बंगाल के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) के कार्यालयों में एसआईआर से संबंधित हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

घर-घर जाकर गणना करने की महीने भर चलने वाली ये प्रक्रिया चार दिसंबर तक जारी रहेगी और नौ दिसंबर को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियां नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक दर्ज कराई जा सकती हैं। नोटिस जारी किए जाएंगे और नौ दिसंबर से 31 जनवरी के बीच सुनवाई और सत्यापन का काम होगा। अंतिम मतदाता सूची सात फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।