Breaking News

फ्रांस में इबोला के पहले केस की पुष्टि हुई     |   रूस और भारत द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे: क्रेमलिन     |   कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई     |   कोलकाता हादसा: CM शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे     |   कर्नाटक में 1 जुलाई से लागू होगी वीबीजी राम जी योजना     |  

J-K: किश्तवाड़ के जंगलों में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की खबर, तलाशी अभियान जारी

जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के जंगलों में छिपे दो से तीन आतंकवादियों को पकड़ने के लिए गुरुवार को तलाशी अभियान जारी रहा। बुधवार रात को कुचाल-चटरू के घने जंगलों वाले कंजल मांडू इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

अभियान में ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है, साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मदद से घेराबंदी को और मजबूत किया जा रहा है। खबरों के मुताबिक गुरुवार सुबह जारी मुठभेड़ में एक आतंकवादी के घायल होने की आशंका है।

अधिकारियों के मुताबिक मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई जब पुलिस ने सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की मदद से आतंकवादियों की घेराबंदी के लिए अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों को देखकर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। 

अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी करने और आतंकवादियों को मार गिराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं। माना जा रहा है कि आतंकवादियों की संख्या दो से तीन है और वे पाकिस्तानी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं। इससे पहले, इस साल अप्रैल और मई में चटरू क्षेत्र में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन आतंकवादी मारे गए थे और एक सैनिक शहीद हो गया था।