Breaking News

रूस ने 41 रूसी सैनिकों के शवों के बदले यूक्रेन को 1,000 यूक्रेनी सैनिकों के शव सौंपे     |   15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू, अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए नियम तय, उम्र सीमा भी लागू     |   सेंसेक्स 931 अंक गिरकर 76,631 पर बंद, निफ्टी 222 अंक लुढ़ककर 23,775 पर पहुंचा     |   ईरान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों की फोन पर बात, तनाव कम करने पर हुई चर्चा     |   'बातचीत फेल हुई, तो लंबी लड़ाई के लिए तैयार', ईरान ने दी नई धमकी     |  

राहुल गांधी ने जुबीन गर्ग को दी श्रद्धांजलि, परिवार से मिले, कहा- पारदर्शी जांच की जरूरत

Assam: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को गायक जुबिन गर्ग को गुवाहाटी के बाहरी इलाके सोनापुर में उस स्थान पर श्रद्धांजलि अर्पित की, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया था। गांधी ने उस मंच पर एक पारंपरिक असमिया दुपट्टा 'गामोसा' तथा पुष्पांजलि अर्पित की, जहां गायक का अंतिम संस्कार किया गया था। उनके साथ असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव और असम प्रभारी जितेंद्र सिंह, असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया और राज्य के पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी थे।

जैसे ही राहुल गांधी ने गायक को श्रद्धांजलि दी, वहां मौजूद भीड़ ने नारे लगाए 'जुबिन को न्याय मिले' और 'जुबिन की जय'। राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता जमीन पर बैठे और वहां आयोजित 'नाम-कीर्तन' (प्रार्थना) में भाग लिया। कांग्रेस नेता ने श्मशान घाट पर 'नाहोर' (भारतीय गुलाब शाहबलूत) का पौधा भी लगाया, जिसे गायक बहुत पसंद करते थे। पार्टी के एक नेता ने बताया कि गांधी नयी दिल्ली रवाना होने से पहले शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए गायक के आवास पर भी जाएंगे।

गर्ग (52) की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मृत्यु हो गई थी। 23 सितंबर को गुवाहाटी के पास सोनापुर में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था। असम सरकार ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है, जो उनकी मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है। राहुल गांधी की यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए गोगोई ने गुरुवार को उस स्थल का दौरा किया था, जहां गर्ग का अंतिम संस्कार किया गया था।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा था कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि देने के लिए दौरा उनके निधन के 28 दिन बाद हो रहा है, लेकिन ये कहा जा सकता है कि "नहीं आने से अच्छा है देरी से आना"।

मुख्यमंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, 'हमें उम्मीद थी कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी या कोई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता गायक के अंतिम संस्कार में मौजूद रहेगा।' सरमा ने गांधी की राज्य यात्रा का स्वागत किया।