Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

प्री-मानसून बारिश से बदला उत्तराखंड का मौसम, गर्मी से मिली बड़ी राहत

उत्तराखंड में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश और बादलों की आवाजाही ने प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। राजधानी देहरादून समेत पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वातावरण सुहावना हो गया है।

देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया। दो माह में पहली बार शहर का पारा 27 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम में असामान्य माना जा रहा है। आमतौर पर जेठ के महीने में जहां तेज धूप और गर्म हवाओं का असर रहता है, वहीं इस बार मौसम ने फागुन जैसी ठंडक का अहसास करा दिया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। देहरादून, नैनीताल, मसूरी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और टिहरी सहित कई जिलों में बादल छाए रहने और वर्षा होने से तापमान में गिरावट बनी हुई है। कुछ स्थानों पर लोगों को गर्म कपड़े तक निकालने पड़े हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे न केवल तापमान में कमी आई है बल्कि वातावरण में नमी बढ़ने से गर्मी का प्रभाव भी काफी कम हो गया है। कृषि क्षेत्र के लिए भी यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है। खेतों में नमी बढ़ने से किसानों को राहत मिली है और आगामी फसलों की तैयारी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी के कारण सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई है। ऐसे में उत्तराखंड में मानसून के आगमन से पहले ही मौसम पूरी तरह खुशगवार बना हुआ है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है।