Breaking News

RSS प्रमुख मोहन भागवत आज मुंबई में Gen Z और Gen Alpha से करेंगे संवाद     |   JPSC परीक्षा धांधलीः CID की जांच जारी, अब तक 19 गिरफ्तारी     |   उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा     |   प्रयागराज: राहुल गांधी का 8 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम अब केपी ग्राउंड में नहीं होगा     |   प्रतापगढ़ः मकान ढहने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत     |  

Parliament Monsoon Session: लोकसभा दोपहर 2 बजे तक स्थगित, विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन

संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। कार्यवाही शुरू होने से पहले लोकसभा में वर्ष 1945 में जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर हुए परमाणु बम हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। इस बीच, संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने कथित राम मंदिर दान घोटाले और 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया।

समाजवादी पार्टी (सपा) के कई सांसदों ने "चंदा चोर, गद्दी छोड़" लिखे पोस्टर लहराए, जबकि अन्य विपक्षी सांसद "अमित शाह जवाब दो" लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। विपक्ष मानसून सत्र की शुरुआत से ही इन दोनों मुद्दों को लेकर सरकार को घेर रहा है। राम मंदिर मामले में दान राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे हैं, वहीं विपक्ष 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सरकार से जवाब मांग रहा है।

इससे पहले कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर दिन की कार्यवाही रोककर छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई पर चर्चा कराने और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बयान देने की मांग की। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कथित राम मंदिर दान घोटाले को लेकर विपक्ष के रुख का बचाव करते हुए कहा कि मंदिर में कथित चोरी और दान राशि में गड़बड़ी पर सवाल उठाना "राम विरोधी" होना नहीं है।

राउत की यह प्रतिक्रिया केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के उस बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और समाजवादी पार्टी (सपा) पर संसद में यह मुद्दा उठाने को लेकर "भगवान राम विरोधी" होने का आरोप लगाया था। रिजिजू के आरोपों का जवाब देते हुए संजय राउत ने कहा, "राम मंदिर में चोरी हुई। क्या इसके लिए भगवान राम जिम्मेदार हैं? हमने चोरी के खिलाफ आवाज उठाई और हमें राम विरोधी कहा जा रहा है। यह कैसा हिंदुत्व है? पैसे चोरी हुए, दान पेटियां लूटी गईं, यहां तक कि माता सीता का मंगलसूत्र भी चोरी होने की खबरें हैं। हमने सिर्फ इन मुद्दों को उठाया, लेकिन हमें राम विरोधी बताया जा रहा है, जबकि चोरी के आरोपियों को रामभक्त के रूप में पेश किया जा रहा है।"