Breaking News

जंतर-मंतर विवाद , रुचिका सिंह अभद्र टिप्पणी मामले में शिकायतकर्ता ने वापस ली शिकायत     |   केंद्र सरकार ने गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल अगस्त 2027 तक बढ़ाया     |   यूपी के शामली में एक लाख का इनामी बदमाश फुरकान मुठभेड़ में ढेर, एक सिपाही भी घायल     |   Instagram पर आपत्तिजनक बाल यौन शोषण सामग्री मामले में NHRC ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को तलब किया     |   सदन में समाजवादी पार्टी ने चर्चा नहीं होने दी: योगी आदित्यनाथ     |  

पीवी सिंधु ने विशाखापत्तनम में 'सेंटर ऑफ स्पोर्ट्स एक्सीलेंस' की रखी नींव, 2028 तक होगा तैयार

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने खेल जगत को कुछ लौटाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को विशाखापत्तनम के अरिलोवा क्षेत्र में उनके ड्रीम प्रोजेक्ट 'सेंटर ऑफ स्पोर्ट्स एक्सीलेंस' का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने शिलान्यास किया। समारोह में राज्य के खेल मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

पीवी सिंधु ने कहा कि एक दशक से अधिक समय तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के बाद अब वह खेल और युवा खिलाड़ियों के लिए योगदान देना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि इस विश्वस्तरीय खेल केंद्र में सात अलग-अलग खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि राज्य और देश के लिए नए चैंपियन तैयार किए जा सकें। उन्होंने कहा, "आज भूमि पूजन के साथ इस परियोजना की शुरुआत होना मेरे लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। मुझे 2028 तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। मुझे उम्मीद है कि यहां से कई लड़के और लड़कियां राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।"

खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

सिंधु ने बताया कि वह आंध्र प्रदेश सरकार में डिप्टी कलेक्टर हैं और राज्य सरकार ने इस अकादमी के लिए उन्हें भूमि उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि खेल ने उन्हें जीवन में बहुत कुछ दिया है और अब समय आ गया है कि वह खेल को कुछ वापस दें। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। इस विश्वस्तरीय संस्थान के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।

सात खेलों को मिलेगा बढ़ावा

पीवी सिंधु ने बताया कि शुरुआती उम्र में बच्चों को विभिन्न खेलों से परिचित कराया जाएगा। लगभग 9-10 वर्ष की उम्र में उनकी रुचि, क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर उन्हें किसी एक खेल में विशेषज्ञता दिलाई जाएगी। इसके लिए विश्वस्तरीय कोच, फिटनेस विशेषज्ञ और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए सिंधु ने कहा कि हर कोई ओलंपिक चैंपियन नहीं बन सकता और सफलता सभी को अलग-अलग समय पर मिलती है। लेकिन सबसे जरूरी है खुद पर विश्वास बनाए रखना।

उन्होंने कहा, "जीवन में जीत से ज्यादा हार मिलती है। हार से सीखिए, अनुभव लीजिए और पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापसी कीजिए। कभी उम्मीद मत छोड़िए और खुद पर विश्वास बनाए रखिए।" सिंधु ने उम्मीद जताई कि 2028 में इस खेल संस्थान के उद्घाटन के अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सहयोग से यह संस्थान देश के सर्वश्रेष्ठ खेल प्रशिक्षण केंद्रों में से एक बनेगा।