Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

Jharkhand: रांची में सरकारी स्कूल की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत, तीन लोग घायल

झारखंड की राजधानी रांची में लगातार बारिश के बीच एक सरकारी स्कूल की छत का एक हिस्सा ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पिस्का मोड़ इलाके के तंगरा टोली में स्थित स्कूल के मलबे में फंसे तीन लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया। 

सुखदेव नगर थाने के प्रभारी मनोज कुमार ने कहा, “एक सरकारी स्कूल की इमारत की छत का एक हिस्सा ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हमारी एक टीम बचाव अभियान के लिए वहां पर मौजूद है।” उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सूरज बैथा (65) के रूप में हुई है जो हादसे के समय स्कूल के बरामदे में सो रहे थे। 

अधिकारी ने कहा कि वे रातू के निवासी थे और स्कूल की रखवाली करते थे। पुलिस ने पहले कहा था कि एक व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका है, लेकिन बाद में पुष्टि की गई कि तीन लोग घायल हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि घायलों की पहचान मनीष तिर्की, प्रीतम तिर्की और मोटू ओरांव के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 18 से 19 वर्ष के बीच है। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

उन्होंने बताया कि विद्यालय प्राथमिक बताया जा रहा है और घटना के समय वे बंद था। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। स्थानीय निवासी ने बताया कि बच्चों की कम उपस्थिति के कारण स्कूल बंद था। झारखंड में पिछले कई दिन से भारी बारिश हो रही है। आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में एक जून से 16 जुलाई के बीच 71 प्रतिशत अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई है।