ओडिशा के मलकानगिरी और कोरापुट जिलों में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। प्रमुख नदियां उफान पर हैं, वहीं जिले में कई जगहों पर पुलों के ऊपर पानी बह रहा है मलकानगिरी जिले में लगातार बारिश के बाद पिलीगाड़ा पुल बह गया। इसकी वजह से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच सड़क संपर्क टूट गया है।
ओडिशा सरकार ने सोमवार को फायर सर्विसेज एंड होमगार्ड के डीजी सुंधानसु सारंगी, प्रमुख सचिव बिष्णुपद सेठी और डीआईजी (दक्षिणी संभाग) चरण मीणा को मलकानगिरी में प्रशासन की निगरानी और मदद के लिए तैनात किया है। लगातार बारिश की वजह से ये इलाका कोरापुट से कट गया है।
ओडिशा के मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने सोमवार को मलकानगिरी और कोरापुट में बाढ़ के हालातों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता की। कोरापुट में जयपुर, बोइपारीगुडा, कुंद्रा, बोरीगुम्मा, सेमिलीगुडा और कोरापुट ब्लॉक के 36 गांव प्रभावित हैं। जबकि 150 घर क्षतिग्रस्त हो गए।