मौसम विभाग के मुताबिक 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान आने के आसार है। मौसम विभाग ने एक स्पेशल बुलेटिन में जानकारी दी कि अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान सागर पर ऊपरी हवा का चक्रवाती सर्कुलेशन बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो सकता है।
मौसम विभाग ने कहा कि मौसम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 22 अक्टूबर की सुबह तक दबाव में तब्दील होने और 23 अक्टूबर तक बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं। आईएमडी ने कहा कि इससे ओडिशा के तटीय इलाके में 23 से 25 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है।
मछुआरों को 21 अक्टूबर तक तट पर लौटने की सलाह दी गई थी। भुवनेश्वर मौसम विभाग की डायरेक्टर मनोरमा मोहंती ने कहा कि 21 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी के ऊपर 35-45 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।