Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

बिहार में तीन लाख संदिग्ध वोटर्स को नोटिस... बांग्लादेश, नेपाल, म्यांमा और अफगानिस्तान से आने का संदेह

बिहार में निर्वाचन अधिकारियों ने ‘संदिग्ध नागरिकता’ को लेकर लगभग तीन लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। ये तीन लाख मतदाता उन 7.24 करोड़ लोगों में शामिल हैं, जिनके नाम बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत एक अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में हैं। 

अधिकारियों ने जमीनी रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके बांग्लादेश, नेपाल, म्यांमा और यहां तक कि अफगानिस्तान से आने का संदेह है। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) ने विसंगतियां पाईं।

उन्होंने बताया कि इसके बाद जमीनी स्तर पर पूछताछ की गई और नोटिस जारी किए गए। ईआरओ द्वारा मुख्यतः पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और सुपौल में नोटिस जारी किए गए।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ये वे जिले थे जहां से अधिकतर मामलों की पहचान की गई।’’ आयोग के अनुसार, राज्य के 7.24 करोड़ मतदाताओं में से अब तक 99.11 प्रतिशत ने सत्यापन के लिए अपने दस्तावेज जमा कर दिए हैं।

बिहार की अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। प्रदेश में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। उच्चतम न्यायालय ने अब आयोग को मतदाता सूची में शामिल होने के इच्छुक लोगों से आधार या सूचीबद्ध 11 दस्तावेजों में से कोई भी स्वीकार करने को कहा है।