कर्नाटक के हुबली में शुक्रवार रात बदमाशों के हमले में एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वारदात अशोक नगर थाना में रात करीब 10.30 बजे हुई। पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने पीटीआई-वीडियो को बताया कि पीड़ित शख्स पर पांच-सात लोगों ने हमला किया। उस पर धारदार चाकू से हमला किया गया।
उन्होंने बताया कि घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो आरोपितों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस को उन पर तीन राउंड गोलियां चलानी पड़ीं।
पुलिस ने कहा कि इस दौरान आरोपित घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने कहा, "हमने उनके परिवार के सदस्यों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पहले कोई विवाद रहा होगा। आगे की जांच चल रही है।" पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में दो अधिकारी और दो पुलिस कर्मचारी मामूली रूप से घायल हो गए।