Breaking News

फ्रांस में इबोला के पहले केस की पुष्टि हुई     |   रूस और भारत द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे: क्रेमलिन     |   कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई     |   कोलकाता हादसा: CM शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे     |   कर्नाटक में 1 जुलाई से लागू होगी वीबीजी राम जी योजना     |  

Jharkhand: गुमला में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली गिरफ्तार, हथियार और भारी मात्रा में गोलियां बरामद

झारखंड के गुमला जिले में पांच लाख रुपये के इनामी माओवादी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उसकी पहचान फिरोज अंसारी के तौर पर हुई है। वो झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) का सब-जोनल कमांडर था। ये सीपीआई (माओवादी) से अलग हुआ समूह है। गुमला के एसपी हारिस बिन जमान ने बताया कि उसके पास से एक राइफल, करीब 350 कारतूस, तीन स्मार्टफोन और एक बैग बरामद किया गया है।

उन्होंने बताया, "हमें खुफिया जानकारी मिली थी कि जेजेएमपी प्रमुख रवींद्र यादव अपने दस्ते के साथ बिहसुनपुर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के जंगलों में घूम रहा है। इसके आधार पर एक टीम गठित की गई और उसे इलाके में भेजा गया।" सुरक्षा बलों को देखकर जेजेएमपी के सदस्यों ने भागने का प्रयास किया। 

एसपी ने बताया, "भागने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने खुद को जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर फिरोज अंसारी बताया।" पुलिस ने बताया कि अंसारी लातेहार, लोहरदगा और गुमला सहित कई जिलों में दर्ज 11 आपराधिक मामलों में वांछित था।