मणिपुर में इंफाल घाटी के पांच जिलों में लागू कर्फ्यू में गुरुवार को कुछ घंटों के लिए ढील दी जाएगी, ताकि लोग जरूपी वस्तुओं की खरीदारी कर सकें। बुधवार को जारी अधिसूचनाओं में ये जानकारी दी गई है। इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों के प्रशासन की ओर से जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं में ये जानकारी दी गई।
इनके मुताबिक इंफाल ईस्ट और काकचिंग जिला में कर्फ्यू में सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि इंफाल वेस्ट, थौबल और बिष्णुपुर में सुबह पांच बजे से 10 बजे तक ढील दी जाएगी। इनमें कहा गया है, “जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार के चलते आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंध में ढील देने की जरूरत है, ताकि लोग खाद्य वस्तु और दवा सहित दूसरी जरूरी चीजों की खरीदारी कर सकें।”
अधिसूचनाओं में हालांकि स्पष्ट किया गया है कि ये ढील किसी भी सभा/लोगों के बड़े पैमाने पर आंदोलन याधरना प्रदर्शन पर लागू नहीं होगी। इससे पहले, इंफाल ईस्ट और काकचिंग जिलों के प्रशासन ने भी सुबह पांच बजे से 10 बजे तक ढील की घोषणा की थी, लेकिन बाद में ये अवधि बढ़ाकर दोपहर 12 बजे तक कर दी गई।
जिरीबाम जिले में हिंसा के बाद मणिपुर में नए सिरे से तनाव फैलने के बीच इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है और पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाया गया है।