Breaking News

ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार, बोला- US के रुख में बदलाव तक कोई वार्ता नहीं     |   वियतनाम में नाव हादसा, भारतीयों समेत 15 लोगों के मारे जाने की आशंका     |   ट्रंप का बड़ा एलान, बातचीत जारी रहेगी... लेकिन ईरान के साथ सीजफायर पूरी तरह खत्म     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |  

मणिपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा राजभवन पहुंचे

मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा बुधवार को राजभवन पहुंचे। दो दिन पहले जातीय हिंसा प्रभावित राज्य के मुख्यमंत्री पद से एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद नेतृत्व संकट के बीच बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजभवन में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल के साथ बैठक करीब आधे घंटे तक चली लेकिन इसका नतीजा अभी तक पता नहीं चला है।

प्रभारी संबित पात्रा और राज्य पार्टी अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने राजभवन में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की। इस बीच, विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि अब तक किसी ने भी सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है, जिससे बीजेपी शासित मणिपुर संवैधानिक संकट की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि अगर हालात ऐसे ही रहे, तो राज्य में राष्ट्रपति शासन लग सकता है।

इस बीच, मणिपुर के भाजपा विधायक सपाम केबा और के इबोम्चा, जिन्होंने मंगलवार को पात्रा के साथ बैठक की थी, ने कहा कि उन्होंने केंद्र से संघर्षग्रस्त राज्य में शांति बहाल करने के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया। संबित पात्रा के साथ बैठक करने के बाद भाजपा विधायकों सपाम केबा और के. इबोम्चा ने कहा कि राज्य के नये मुख्यमंत्री के बारे में फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और राज्यपाल भल्ला ने इसे स्वीकार कर लिया। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था होने तक मुख्यमंत्री से पद पर बने रहने का अनुरोध किया।

राज्यपाल ने 10 फरवरी से शुरू होने वाले 12वीं मणिपुर विधानसभा के सातवें सत्र को पहले ही रद्द कर दिया है।
राज्य में विधानसभा का अंतिम सत्र 12 अगस्त, 2024 को संपन्न हुआ था। वहीं, मई 2023 से इंफाल घाटी में मेइती और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में बसे कुकी समूहों के बीच जातीय हिंसा में 250 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए।