लखनऊ में भीषण गर्मी और हीट वेव से लोगों को राहत देने के लिए लखनऊ नगर निगम ने एक अनूठी पहल करते हुए ‘कूलिंग पॉइंट’ की शुरुआत की है। विधानसभा के पास स्थित जीपीओ परिसर में बनाए गए इस कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन मेयर सुषमा खर्कवाल ने किया। यह कूलिंग पॉइंट मिट्टी और जूट जैसी प्राकृतिक सामग्री से तैयार किया गया है, जिससे यहां का वातावरण सामान्य तापमान की तुलना में अधिक ठंडा रहता है। इसका उद्देश्य गर्मी से परेशान राहगीरों और आम नागरिकों को राहत प्रदान करना है।
कूलिंग पॉइंट पर लोगों के लिए ठंडे पेयजल, पंखों, कूलरों और बैठकर विश्राम करने की व्यवस्था की गई है। यहां आने वाले लोग कुछ समय रुककर गर्मी और लू से राहत महसूस कर सकते हैं। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, भीषण गर्मी के इस दौर में नागरिकों को सुरक्षित रखने और उन्हें लू के प्रभाव से बचाने के लिए यह विशेष पहल की गई है। नगर निगम का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सके। इस पहल को लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, खासकर उन लोगों के लिए जो दिनभर बाहर काम करते हैं या यात्रा के दौरान गर्मी का सामना करते हैं।