Breaking News

फ्रांस में इबोला के पहले केस की पुष्टि हुई     |   रूस और भारत द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे: क्रेमलिन     |   कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई     |   कोलकाता हादसा: CM शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे     |   कर्नाटक में 1 जुलाई से लागू होगी वीबीजी राम जी योजना     |  

महाराष्ट्र: मुंबई में आंधी तूफान और बारिश के चलते रेल सेवाएं प्रभावित

राजधानी मुंबई में आधी रात से हो रही लगातार बारिश का असर सोमवार सुबह रेल यातायात पर भी पड़ा। शहर के कई हिस्सों में खराब विजिबिलिटी के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा तूफान की चेतावनी दिए जाने के बाद दादर, माहिम, परेल, बांद्रा, कालाचौकी समेत शहर के कई अन्य हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं। आईएमडी ने "नाउकास्ट" चेतावनी जारी करते हुए अगले तीन से चार घंटों में मुंबई में अलग-अलग जगहों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली चमकने और तेज बारिश होने का अनुमान जताया है।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, शहर और उपनगरों में कहीं भी बड़े जलभराव की कोई खबर नहीं है। हालांकि, शहर के कुछ निचले इलाकों में बाढ़ आ गई। मध्य और पश्चिमी रेलवे पर उपनगरीय सेवाएं बाधिच रहीं और खराब विजिबिलिटी के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया, "लगातार बारिश के कारण विजिबिलिटी कम होने से उपनगरीय ट्रेनें ऐठ से 10 मिनट देरी से चल रही हैं।"

पश्चिमी रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि उपनगरीय सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, लेकिन कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर देरी की शिकायत की है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आईएमडी मुंबई ने अगले 24 घंटों में मुंबई के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में रविवार रात से लगातार बारिश हो रही है।