भू-राजनीतिक तनाव कम होने और अमेरिका-चीन व्यापार समझौता आगे बढ़ने के बाद सोने की कीमत कम हो गई है। सोने की कीमत 22 अप्रैल को उच्चतम स्तर पर, करीब एक लाख रुपये प्रति दस ग्राम थी। कीमत में गिरावट से खरीदारों में उत्साह है। उन्हें लगता है कि सोने की कीमत बजट के भीतर है। अब उनका रुख गहनों की दुकानों की ओर होने लगा है।
शादियों का मौसम चल रहा है। लिहाजा खरीदारों को उम्मीद है कि कीमत और गिरेगी, जिससे ज्यादा खरीदारी में राहत मिल जाएगी। गहना कारोबारियों का भी मानना है कि मौजूदा गिरावट मुख्य रूप से भू-राजनीतिक तनाव कम होने और अमेरिका-चीन व्यापार समझौता आगे बढ़ने की वजह से है, लेकिन उन्हें लगता है कि आने वाले समय में सोने की कीमत फिर बढ़ेगी।
देश में सोना शादियों का अनिवार्य हिस्सा है। इसे शुभ और आर्थिक अनिश्चितता के समय में सुरक्षित निवेश माना जाता है।शादियों की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए कीमतों में कमी बड़ी राहत बन कर आई है। उन्हें अपने बजट पर ज्यादा भार डाले बगैर गहने खरीदने का मौका मिल गया है।