Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

Karnataka: बीजेपी ने राज्य में विभागों के आवंटन को लेकर कांग्रेस की आलोचना की

Karnataka: बीजेपी के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने नवगठित कर्नाटक मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मंत्री ‘‘प्रभावशाली’’ मंत्रालय पाने के लिए ‘लॉबिंग’ करते रहे, जबकि वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़े कल्याणकारी विभागों में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं दिखी।

अशोक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस के मंत्री शपथ लेते समय समाज सुधारकों बसवन्ना और बी. आर. आंबेडकर का नाम लेते हैं, लेकिन विभागों के आवंटन के समय केवल प्रभावशाली मंत्रालयों की मांग करते हैं।

कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता अशोक ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता बसवन्ना और आंबेडकर के नाम पर मंत्री पद की शपथ लेते हैं। लेकिन जब विभागों के बंटवारे की बात आती है तो वे कहते हैं कि मुझे यह विभाग चाहिए, मुझे वह विभाग चाहिए। प्रभावशाली मंत्रालय पाने के लिए लॉबिंग और दबाव बनाते हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी मंत्री ने स्वेच्छा से समाज कल्याण और अनुसूचित जनजाति कल्याण जैसे विभाग नहीं मांगे, जबकि उनके अनुसार ये विभाग बसवन्ना और आंबेडकर के आदर्शों को साकार करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं।

बीजेपी नेता ने मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के नेतृत्व वाले 13 सदस्यीय मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को जगह न दिए जाने की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में महिलाओं का ‘‘बिल्कुल भी प्रतिनिधित्व नहीं’’ है।

अशोक ने समाजवाद और सामाजिक न्याय को लेकर कांग्रेस के बार-बार किए जाने वाले दावों को ‘‘पाखंड’’ करार देते हुए कहा कि विभागों के आवंटन ने पार्टी का ‘‘असली चेहरा’’ उजागर कर दिया है। ये टिप्पणी मुख्यमंत्री शिवकुमार द्वारा बृहस्पतिवार देर रात अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के बीच विभागों का बंटवारा किए जाने के बाद आई है।

मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और 13 मंत्रियों ने दो दिन पहले शपथ ली थी।