झारखंड के रांची में मंगलवार को एक कॉलोनी के पार्किंग एरिया में एक लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक के सैन्य अधिकारी मृत पाए गए। पुलिस ने ये जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ये घटना खेलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत खेलगांव आवासीय परिसर की है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दिवाकर कुमार (48) के रूप में हुई है और वे रांची के स्टेशन मुख्यालय में तैनात थे।
एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा, "शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि छत से गिरने से मौत हुई है। अभी वो फिसलकर गिरे या कोई दुर्घटना हुई या किसी का हाथ है, ये जांच के बाद पता चलेगा।"
खेलगांव थाना प्रभारी गजेश कुमार ने बताया, "शुरुआती जांंच में ऐसा लग रहा है कि अधिकारी यहां परिसर स्थित आठ मंजिला इमारत की छत से गिर गए और हम जांच कर रहे हैं कि क्या वे दुर्घटनावश गिरे या उन्होंने आत्महत्या करने के लिए छलांग लगाई।"
गजेश कुमार ने बताया कि दिवाकर के परिजन के मुताबिक वो डिप्रेशन की दवा वे रहे थे। उन्होंने बताया, "सोमवार रात को वो खाना खाने के बाद छत पर गए थे और आज सुबह उनके एक पड़ोसी ने उनका शव देखा।"