Breaking News

ट्रंप का बड़ा एलान, बातचीत जारी रहेगी... लेकिन ईरान के साथ सीजफायर पूरी तरह खत्म     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |   आंध्र प्रदेश: डिप्टी सीएम पवन कल्याण का मुंबई में ऑपरेशन: दाहिने कंधे की साढ़े 3 घंटे चली सर्जरी     |   फ्रांस में लॉरेंस विश्नोई गैंग का एक गैंगस्टर गिरफ्तार     |  

जम्मू कश्मीर: कठुआ से दो किशोर लापता

जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में दो लड़के लापता हो गए हैं, जहां हाल ही में पांच नागरिकों की रहस्यमयी मौत हो गई थी जिसके बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि 15 वर्षीय दीन उर्फ दिनू और उसका 12 वर्षीय रिश्तेदार रहमत अली 27 फरवरी से लापता हैं।

दोनों लड़के अपने मवेशियों को चराने के लिए बंबरवां गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है और उनकी तस्वीरें अलग-अलग जगहों पर भेजी जा रही हैं, ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा ने कठुआ, पंजाब, जम्मू और उधमपुर में पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहने और लापता लड़कों के रिश्तेदारों से संपर्क करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सभी हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। ये मामला ऐसे समय में सामने आया है जब कठुआ जिला हाल ही में तीन लोगों की रहस्यमयी मौतों को लेकर चर्चा में रहा है। कठुआ के दुर्गम मल्हार इलाके में ईशू नाले में शनिवार को 15 वर्षीय वरुण सिंह, उनके चाचा योगेश सिंह (32) और मामा दर्शन सिंह (40) के शव मिले थे। ये तीनों पांच मार्च से लापता थे।

इसके अलावा, पिछले महीने दो अन्य लोग शमशेर (37) और रोशन (45) के शव कोहाग गांव में मिले थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई थी। जम्मू कश्मीर विधानसभा में सोमवार को इन हत्याओं को लेकर बहस हुई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा में कहा, "ये जांच का विषय है कि ये घटनाएं कैसे और क्यों हुईं। इस पर सदन में चर्चा करना उचित नहीं होगा।" केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कठुआ के बिलावर तहसील में तीन नागरिकों की हत्या को आतंकियों की साजिश करार दिया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "बनी क्षेत्र में आतंकवादियों द्वारा तीन युवकों की बर्बर हत्या न केवल दुखद है, बल्कि ये शांति भंग करने की गहरी साजिश का संकेत देती है।" हत्या के विरोध में कठुआ जिले में रविवार को विरोध प्रदर्शन हुआ। जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को तीन नागरिकों की हत्या की गहन जांच के आदेश दिए।