केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अहमदाबाद में आयोजित योग सत्र में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ योगाभ्यास कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व का संदेश दिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" (Yoga For Healthy Ageing) रखी गई है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन के लिए योग अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी राज्य के गांधीनगर जिले के मानसा में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों को नियमित योग करने का संदेश दिया। उधर, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "योग फॉर हेल्दी एजिंग" की थीम को केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं समझना चाहिए, बल्कि यह हर आयु वर्ग के लोगों को जीवनभर स्वस्थ रहने की प्रेरणा देती है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "जब हम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग की बात करते हैं तो इसका अर्थ यह है कि उम्र कभी भी व्यक्ति की क्षमता को सीमित न करे। योग मनुष्य को निरंतर विकास की ओर प्रेरित करता है। हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि हम 40 वर्ष की उम्र में 20 वर्ष से अधिक लचीले हों, 50 वर्ष की उम्र में 30 वर्ष से अधिक ऊर्जावान हों और 70 वर्ष की उम्र में 50 वर्ष की तुलना में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति अधिक प्रतिरोधक क्षमता रखते हों। योग हमें यह लक्ष्य हासिल करने में मदद कर सकता है।"
प्रधानमंत्री मोदी का यह पश्चिम बंगाल दौरा राज्य विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद पहला दौरा माना जा रहा है।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे योग और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता भी देखने को मिली।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। इस अवसर पर भारत सहित दुनिया के कई देशों में सामूहिक योग प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष की थीम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ वृद्धावस्था और समग्र कल्याण के लिए योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।