Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की CBI जांच की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका     |   ईरान के सम्मान, प्रगति और गौरव के रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे: मसूद पेजेश्कियान     |   चीन ने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड ने जताया विरोध     |   चंपत राय पर थोड़ी देर में फैसला, मीटिंग के लिए पहुंचने लगे राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य     |   पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |  

इंडिगो की उड़ाने रद्द होने का असर, नवविवाहितों को ऑनलाइन रिसेप्शन में होना पड़ा शामिल

Karnataka: रिसेप्शन की जगह को पूरी तरह से सजाया गया था और मेहमानों के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार थे। लेकिन मेघा क्षीरसागर और संगम दास अपनी शादी के रिसेप्शन में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि इंडिगो की देशव्यापी उड़ानें बाधित होने से देश भर के हजारों यात्री परेशान हैं। नवविवाहित जोड़े का रिसेप्शन तीन दिसंबर को कर्नाटक के हुबली तय किया गया था, लेकिन इंडिगो एयरलाइन के परिचालन में व्यवधान के कारण इस जोड़े को अपने भव्य समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होना पड़ा।

इस महत्वपूर्ण दिन को न चूकने के इरादे से ये जोड़ा भुवनेश्वर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समारोह स्थल पर एक बड़ी स्क्रीन पर दिखाई दिया, मेहमानों का अभिवादन किया और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न होने के लिए क्षमा मांगी।

इसके बजाय दुल्हन के माता-पिता निर्धारित रिसेप्शन स्थल हुबली स्थित गुजरात भवन में जोड़े की ओर से उपस्थित हुए। इन नवविवाहित जोड़े की शादी 23 नवंबर को ओडिशा के भुवनेश्वर में हुआ था। परिवार के मुताबिक, ये दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और बेंगलुरू में काम करते हैं। रिसेप्शन बुधवार को दुल्हन के पैतृक घर हुबली में आयोजित किया गया था।

अपने इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए मेघा और संगम ने दो दिसंबर के लिए भुवनेश्वर-बेंगलुरू-हुबली रूट से टिकट बुक किया था। कुछ रिश्तेदारों ने भुवनेश्वर-मुंबई-हुबली रूट पर भी टिकट बुक किए थे। हालांकि, परिचालन जुड़ी दिक्कत के कारण इंडिगो की उड़ानें दो दिसंबर की सुबह नौ बजे से तीन दिसंबर की सुबह तक लगातार देर होती रहीं और अंततः रद्द कर दी गईं।

दुल्हन के पिता अनिल कुमार क्षीरसागर ने बताया, "मेरी बेटी की शादी 23 नवंबर को हुई थी और हमने हुबली में अपने पैतृक घर पर यहां के लोगों के लिए एक रिसेप्शन का आयोजन किया था। उड़ान में देरी होती रही और आखिरी समय में करीब चार बजे इसे रद्द कर दिया गया। अब उसके बाद हम क्या कर सकते थे। हमें कुछ समाधान निकालना था। फिर मैंने ऑनलाइन रिसेप्शन करने का फैसला किया। मैंने तुरंत एक स्क्रीन की व्यवस्था की और अपनी बेटी और दामाद को ऑनलाइन रिसेप्शन में शामिल होने के लिए कहा।"