Breaking News

हिमाचल: सोलन के पास एक चलती कार पर गिरी चट्टान, एक की मौत, दो लोग घायल     |   AAP सरकार के पास फंड था, लेकिन तब न यमुना साफ हुई और न सड़कें बनीं: CM रेखा गुप्ता     |   पप्पू यादव की सुरक्षा पर दिल्ली HC का बड़ा आदेश, अस्थायी तौर पर अतिरिक्त PSO मिलेगा     |   पीएम मोदी का नया संदेश, बोले- 15 अगस्त को हर घर तिरंगा लहराएं     |   'हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा...', पीएम मोदी ने Instagram पर की अपील     |  

IPL खिलाड़ी अभिषेक पोरेल गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर महिला से धोखाधड़ी का आरोप

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एक महिला की शिकायत पर शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाने और धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। हुगली ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह ने बताया कि क्रिकेटर को हुगली जिले के मोगरा थाना में दर्ज मामले के सिलसिले में कोलकाता के डमडम स्थित इमामी सिटी से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा करके उसके साथ सहजीवन में रहते हुए धोखाधड़ी की। इस मामले में BNS की संबंधित धाराओं और IT Act की धारा 66E/72 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया, “मोगरा थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक पोरेल को डमडम थाना क्षेत्र के इमामी सिटी से गिरफ्तार किया गया है। शिकायत में आरोप है कि उन्होंने शादी का वादा करके महिला के साथ सहजीवन में संबंध बनाए।”

गिरफ्तारी के बाद अभिषेक पोरेल ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने शिकायत और आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। हुगली ग्रामीण एसपी के मुताबिक, पोरेल ने आरोपों को गलत बताया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया।अभिषेक पोरेल दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और बंगाल क्रिकेट टीम के भी प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह हुगली के चंदननगर के रहने वाले हैं, जबकि शिकायतकर्ता महिला हुगली के मोगरा क्षेत्र की निवासी बताई गई है।

यह मामला उस समय और गंभीर हो गया था जब कुछ सप्ताह पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने बंगाल पुलिस को अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। गिरफ्तारी के बाद पोरेल को हुगली जिले के चुंचुड़ा स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मोगरा थाना की टीम ने पोरेल को कोलकाता के डमडम से गिरफ्तार किया और इसके बाद उन्हें चुंचुड़ा की CJM अदालत में पेश किया गया।