देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने के कारण मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी समेत कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। पहाड़ों में बारिश के दौरान चट्टानें खिसकने और सड़कें बाधित होने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। साथ ही, अनावश्यक यात्रा से बचने और विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है। इधर, देहरादून में शाम के समय हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें। खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।