Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

J-K: 'वह आतंकवादी नहीं था', गांदरबल मुठभेड़ में मारे गए राशिद के परिवार ने किया दावा

Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के गांदरबल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए राशिद अहमद मुगल के परिवार का कहना है, 'राशिद आतंकवादी नहीं था, वह निर्दोष था।' परिवार का यह दावा ऐसे समय आया है, जब जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार-बुधवार की रात जिले के अरहामा इलाके में राशिद अहमद मुगल की हत्या की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

राशिद के चचेरे भाई सफी ने कहा, "वह आतंकवादी नहीं था, वह एक पढ़ा-लिखा व्यक्ति था। उसने अनाथालय में पढ़ाई की, उसके माता-पिता नहीं थे। बाद में वह यहां आया और लोगों की मदद करने लगा, लोगों को निवास प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाने में मदद करता था। वह गरीब था, उसका घर देखिए, आप उसका घर देख सकते हैं। क्या आतंकवादी ऐसी गरीबी में रहते हैं?"

परिवार ने सरकार से उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की। उसकी चचेरी बहन सफिया ने यह भी दावा किया कि राशिद को कुछ झूठे बहाने बनाकर अरहामा में 'फंसाया' गया और उसकी हत्या कर दी गई। राजनीतिक दलों के विरोध के बाद उप-राज्यपाल ने मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया।

राशिद के भाई एजाज अहमद मुकुल ने कहा, "उसने 2016 के बाद पुलिस और अन्य विभागों में आवेदन किया था, लेकिन उसका चयन नहीं हुआ। मैं उप-राज्यपाल से अनुरोध करता हूं कि जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।"

पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन ने शुक्रवार को गांदरबल मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि घटना की पारदर्शी जांच होगी और न्याय मिलेगा।