Breaking News

हुमायूं कबीर की पार्टी AUJP के बंगाल अध्यक्ष खोबायेब अमीन ने पद से इस्तीफा दिया     |   एचएएल ने भारतीय तटरक्षक बल को चार ALH Mk III मैरीटाइम रोल हेलीकॉप्टर सौंपे     |   बंगाल चुनाव: ममता दीदी अब जाने की तैयारी करें, इस उम्र में प्रचार मत करिए- अमित शाह     |   ‘उम्मीद है कि ईरान संग सार्थक बातचीत होगी’, PAK जाने से पहले बोले US उपराष्ट्रपति     |   PM मोदी ने वृंदावन नाव हादसे पर दुख जताया, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की     |  

गानों में गन कल्चर और अश्लील कंटेंट पर हरियाणा महिला आयोग सख्त, CM सैनी को लिखा पत्र

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर गीतों में बढ़ती बंदूक संस्कृति, हिंसा और आपत्तिजनक भाषा के प्रचार को लेकर “गंभीर चिंता” जताई है। आयोग का कहना है कि इस तरह की सामग्री का नकारात्मक प्रभाव खासकर स्कूली छात्रों और युवाओं पर पड़ रहा है। 9 अप्रैल को लिखे पत्र में आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने ‘टट्टीरी’ नामक एक गाने को लेकर हालिया विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पूरे राज्य में चिंता का माहौल बना है और इस गाने में प्रस्तुत सामग्री ने स्कूली छात्राओं की छवि और गरिमा को ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने कहा कि गीतों में बढ़ती अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के साथ-साथ हथियारों और हिंसा का महिमामंडन चिंताजनक है। यह प्रवृत्ति युवाओं, विशेषकर स्कूली बच्चों पर गंभीर और नकारात्मक प्रभाव डाल रही है, जो आसानी से प्रभावित हो जाते हैं। पत्र में कहा गया है कि इस तरह की सामग्री न केवल महिलाओं का अपमान करती है, बल्कि युवाओं में गलत सोच को भी बढ़ावा देती है, जो एक सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है।

आयोग ने यह भी उल्लेख किया कि केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जैसे 33 प्रतिशत आरक्षण और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियान। ऐसे में महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक सामग्री का प्रसार इन प्रयासों के विपरीत है। आयोग की अध्यक्ष ने राज्य सरकार से इस मामले में सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे कंटेंट बनाने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएं और भविष्य में इस तरह की सामग्री पर रोक लगाने के लिए सख्त नियम, निगरानी तंत्र और स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाए जाएं।

इसके अलावा, युवाओं को इस तरह के कंटेंट के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की भी अपील की गई है। आयोग ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए, ताकि समाज में गरिमा बनी रहे और युवाओं के लिए स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।