Breaking News

असम एग्जिट पोल: NDA को 102 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें मिलने का अनुमान     |   गृहमंत्री अमित शाह लेह पहुंचे; लद्दाख के उपराज्यपाल और सांसद ने उनका स्वागत किया     |   पंजाब बीजेपी 1 मई को चंडीगढ़ में ‘जनता दी विधानसभा’ आयोजित करेगी     |   ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |  

गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने दिया इस्तीफा, उपचुनाव में हार की ली जिम्मेदारी

Gujarat: गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने सोमवार को कडी और विसावदर विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनावों में पार्टी उम्मीदवारों की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल इटालिया ने विसावदर सीट जीती, जबकि बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने कडी में जीत हासिल की। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के उम्मीदवारों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। 

गोहिल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, "चूंकि उपचुनाव के नतीजे हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे, इसलिए मैंने अपनी पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा पहले ही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेज दिया है।"

राज्यसभा सांसद गोहिल को 2024 के आम चुनावों से पहले जून 2023 में राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। आम आदमी पार्टी के गोपाल इटालिया ने जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर बीजेपी के किरीट पटेल को 17,554 वोटों से हराया। 

अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित मेहसाणा जिले की कडी सीट पर बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 39,452 वोटों से हरा दिया। राजेंद्र चावड़ा को 99,742 वोट मिले, जबकि पूर्व कांग्रेस विधायक रमेश चावड़ा 60,290 वोट ही मिल पाए।