गोवा में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की मौजूदगी में शनिवार को लोकप्रिय ‘गोवा कार्निवल’ शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार दिवसीय ये कार्यक्रम राज्य की संस्कृति को प्रदर्शित करने के साथ पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद करेगा। मांडवी नदी के तट पर आकर्षक झांकियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें मुख्यमंत्री के अलावा पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे, पणजी शहर के मेयर रोहित मोनसेराटे और अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर समेत कई मेहमान मौजूद रहे।
सावंत ने कहा, "गोवा देश का एकमात्र राज्य है जहां कार्निवल इस स्तर पर मनाया जाता है। मैं गोवा के लोगों और इस कार्निवल में भाग लेने वाले पर्यटकों को शुभकामनाएं देता हूं। मैं लोगों को इस कार्निवल में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं। पर्यटन विभाग गोवा के पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कार्निवल मनाता है। इस कार्निवल में पारंपरिक झांकियां शामिल हो रही हैं। इस कार्निवल में बहुत सारे पर्यटक शामिल हो रहे हैं। भविष्य में भी हम राज्य में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देंगे।"
‘‘कार्निवल की झांकियों के माध्यम से गोवा की संस्कृति प्रदर्शित की जाती है और ये त्योहार पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद करते हैं। गोवा सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है।’’ खाउंटे ने कहा कि झांकियां अर्थव्यवस्था, पर्यावरण, समाज और संस्कृति पर केंद्रित है। मूल रूप से इसी राज्य की निवासी अभिनेत्री उसगांवकर ने कहा कि ‘कार्निवल’ बचपन की यादें ताजा कर देता है। उन्होंने कहा कि ‘‘मैं हमेशा झांकियों में रानी बनना चाहती थी।’’