सपा सरकार में खनन और परिवहन विभाग का जिम्मा संभालने वाले पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की लखनऊ स्थित चार बेनामी संपत्तियों को आयकर विभाग जब्त करेगा। विभाग की बेनामी संपत्ति निषेध इकाई ने इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने का गोपनीय पत्र राजधानी के सभी उप निबंधक कार्यालय भेजा है। जांच में साफ हो चुका है कि ये संपत्तियां गायत्री ने खनन घोटाले की काली कमाई से अपने कुछ करीबियों के नाम पर खरीदी थीं।
राजधानी स्थित आयकर विभाग की बेनामी निषेध इकाई के वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ये संपत्तियां 2018 और 2019 में गायत्री के जेल में रहने के दौरान उनके करीबियों के नाम पर खरीदी गई थीं। ये गोमतीनगर के खरगापुर, मोहनलालगंज और आशियाना इलाके में स्थित हैं।