पूर्व आईएएस अधिकारी के. कैलाशनाथन ने बुधवार को राज निवास में पुडुचेरी के उप-राज्यपाल के रूप में शपथ ली। मद्रास हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डी. कृष्णकुमार ने कैलाशनाथन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पुडुचेरी के मुख्य सचिव शरत चौहान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से हाल ही में जारी नियुक्ति पत्र पढ़ा। कैलाशनाथन केंद्र शासित प्रदेश के 25वें उप-राज्यपाल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, उनके कैबिनेट सहयोगी, पुडुचेरी विधानसभा के अध्यक्ष आर. सेल्वम, उपाध्यक्ष पी. राजवेलु, विधायक, पुलिस के उच्च अधिकारी, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. शिवा (डीएमके), पुडुचेरी एआईएडीएमके के सचिव ए. अंबलगन समेत कई अधिकारी और प्रतिनिधियों ने कैलाशनाथन को बधाई दी। समारोह के बाद पुडुचेरी पुलिस ने राज निवास के बाहर नए उप-राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।